शहडोल:उमंग, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 76 वॉ गणतंत्र दिवस

 मुख्य समारोह में कलेक्टर ने किया झंडा वंदन, ली परेड की सलामी

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुति

शहडोल। संभागीय मुख्यालय शहडोल में 76वॉ गणतंत्र दिवस उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह महात्मा गॉधी स्टेडियम में आयोजित हुआ। गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने झंडा वंदन कर परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक श्रीराम जी श्रीवास्तव के साथ किया तथा गगन में रंग बिरंगे गुब्बारे मुक्त किये। गणतंत्र दिवस समारोह में पुलिस बल की टुकड़ियों ने हर्ष फायर किया एवं राष्ट्रगान की धुन के साथ तिरंगें झण्डे को सलामी देने के लिये आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। मार्चपास्ट परेड कमॉडर  सूबेदार ब्रजलाल रोकड़े, परेड कमाण्डर (टूआईसी) सूबेदार श्रीमती राजमती परस्ते के नेतृत्व में किया गया।

       मार्च पास्ट में 29वीं वाहिनी बी कम्पनी विसबल कैम्प शहडोल, उप निरीक्षक सूरज सिंह, जिला बल शहडोल (पुरूष) उप निरीक्षक आनंद झारिया, जिला बल शहडोल (महिला) उप निरीक्षक अर्चना धुर्वे, होम गार्ड  कोमल सिंह, वन मंडल दक्षिण  महेंद्र सिंह परस्ते, एनसीसी बालक सीनियर में जागेश्वर धुर्वे, एनसीसी बालिका निक्की सिंह, एनसीसी बालक जूनियर प्रियांशु जैन, स्काउड सीनियर बालक ऋत्विक कुमार मिश्रा, स्काउड गाइड बालिका मीनाक्षी सिंह, स्काउड जूनियर बालक अनुराग कुशवाहा, शौर्य दल  शहीन खान पुलिस बैंड दल से मो. कमरूद्दीन के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। 

       कलेक्टर एवं समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. केदार सिंह ने परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। 

गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने 25 दिसम्बर 2024 को छतरपुर जिले के खजुराहो में देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना, केन-बेतवा परियोजना का भूमि-पूजन किया है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय  अटल बिहारी वाजपेयी के 100वें जन्म जयंती वर्ष में मध्यप्रदेश को मिली इस सौगात में मध्यप्रदेश के छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी, दमोह, शिवपुरी, दतिया, रायसेन, विदिशा और सागर जिले शामिल हैं। परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र के इन जिलों के कुल 8 लाख हेक्टेयर से अधिक और उत्तरप्रदेश के ढाई लाख हेक्टेयर, इस प्रकार कुल साढ़े 10 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में वार्षिक सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही, मध्यप्रदेश की 41 लाख एवं उत्तरप्रदेश की 21 लाख आबादी को पेयजल सुविधा भी प्राप्त होगी।

इसी तरह, मध्यप्रदेश एवं राजस्थान की अन्तराज्यीय राष्ट्रीय परियोजना, पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजना से 11 जिले गुना, शिवपुरी, सीहोर, देवास, राजगढ़, उज्जैन, आगर-मालवा, इंदौर, शाजापुर, मंदसौर एवं मुरैना लाभान्वित होंगे।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में 17 दिसम्बर 2024 को जयपुर में इस परियोजना का त्रिपक्षीय अनुबंध हुआ है। परियोजना से कुल 6 लाख 13 हजार हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होगा। प्रदेश के भीतर भी नदी जोड़ो परियोजनाओं को क्रियान्वित किए जाने की दिशा में कार्य प्रारंभ किया गया है। शिप्रा-गंभीर-कान्ह डक्ट परियोजना इसका उदाहरण है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में नदियों को जोड़ने की परियोजनाओं की तकनीकी साध्यता पर कार्य किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ज्ञान (GYAN) का मंत्र दिया है, जिसका अर्थ है गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी। ज्ञान पर ध्यान के ध्येय वाक्य को साकार करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। अपनी सम्पूर्णता में यह समाज के सशक्तिकरण का मंत्र है।

इस मंत्र की सिद्धि की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार ने चार मिशन, युवा शक्ति, गरीब कल्याण, किसान कल्याण और नारी सशक्तिकरण प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।

   मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में गौ-शालाओं का सुचारु संचालन होगा। प्रदेश के बड़े नगरों में आधुनिक गौ-शालाओं का निर्माण किया जाएगा। ग्वालियर में माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी 10 हजार गायों की देखभाल में सक्षम आधुनिक और आत्मनिर्भर गौ-शाला का शुभारंभ कर चुके हैं। पशुपालकों और किसानों को 10 से ज्यादा गाय पालने पर सरकार द्वारा अनुदान देने का विचार है। पंजीकृत गौ-शालाओं को प्रति गौ-वंश मिलने वाली 20 रुपये की आहार राशि बढ़ाकर 40 रुपये करने का निर्णय लिया गया है।

प्रदेश के मछुआरों को मत्स्य पालन के लिए अनेक सुविधाएँ दी जा रही हैं। इन सुविधाओं में थ्री व्हीलर व्हीकल, समूह दुर्घटना बीमा योजना का लाभ, उपचार के लिए सहायता शामिल है। प्रदेश में एक लाख 42 हजार मत्स्य-पालकों को कार्यशील पूँजी उपलब्ध करवाने के लिए क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करवाए गए हैं।

नारी सशक्तिकरण मिशन का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना है। मिशन के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आर्थिक विकास के साथ ही उनकी सुरक्षा एवं उन तक विभिन्न सरकारी सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करना है। यह मिशन महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन और समाज में आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के एकीकृत प्रयास भी करेगा। समाज में महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन के लिए पुरुष संवेदनशीलता बढ़ाने के लिए जागरूकता लाई जाएगी। मिशन के उद्देश्यों की पूर्तिऔर लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए महिलाओं के विकास और कल्याण से जुड़े समस्त पहलुओं यथा-स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, सुरक्षा, रोज़गार, आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। साथ ही, महिलाओं के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण के उद्देश्य से समुदाय में प्रत्येक स्तर पर सकारात्मक पुरुष भागीदारी के लिए विभिन्न जन-जागरूकता और क्षमता वर्धन गतिविधियाँ आयोजित और क्रियान्वित होंगी।

     उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने शासकीय सेवाओं में महिलाओं को अब 35 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी राज्यों में शामिल हैं। योजना के प्रारंभ से अब तक 42 लाख महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। जननी सुरक्षा योजना में वर्तमान वित्त वर्ष में दिसम्बर 2024 तक लगभग 6 लाख हितग्राहियों को 79 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया। लाड़ली बहना योजना में सवा करोड़ से अधिक पात्र बहनों को योजना प्रारंभ से लेकर अब तक 30 हजार 765 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण किया गया है। रक्षाबंधन पर भेंट स्वरूप बहनों को 250-250 रुपये कीअतिरिक्त राशि दी गई। प्रदेश में 89 लाख से अधिक महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं। प्रदेश की लगभग 26 लाख लाड़ली बहनों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर की रीफिलिंग के लिए वर्ष 2024 में 715 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण किया गया। प्रदेश में एक लाख से अधिक दीदियाँ लखपति बनी हैं।

साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मन मोहक प्रस्तुतियां भी दी गई। 

      गणतंत्र दिवस समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा, विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह, आईजी अनुराग शर्मा, डीआईजी सुश्री सविता सुहाने, पुलिस अधीक्षक श्रीराम जी श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष  घनश्याम जायसवाल, नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा,  अध्यक्ष पूर्व महिला वित्त विकास निगम एवं समाजसेवी श्रीमती अमिता चपरा, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, सहित लोकतंत्र सेनानी, पार्षदगण, पत्रकारगण एवं विभिन्न विभागो के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक विवेक पांडेय एवं श्रीमती अरूणिमा सिंह द्वारा किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post